सत्वावजय आयुर्वेद

 सत्वावजय आयुर्वेद की एक चिकित्सा विधि है, जो मन पर विजय प्राप्त करने के लिए की जाती है। मन ही स्वास्थ्य का आधार है। मन बहुत शक्तिशाली होता है, जिसने इस पर काबू पा लिया, वह सारे कष्टों यानी रोगों से दूर रहता है। हमारा मनोबल ही हमें हर संकट से उबारता है, जो मन से हार नहीं मानता उसे कोई शक्ति परास्त नहीं कर सकती। कहा गया है- मन के हारे-हार है, मन के जीते-जीत। आज पाश्चात्य सभ्यता के निरन्तर विकास के कारण मनुष्य प्रकृति से दूर होता जा रहा है एवं इस यांत्रिक युग में ज्यादातर लोग अशांत एवं दुखी हैं और उनका मन किसी न किसी वजह से व्यथित है।

मन की स्थिति असमान्य होने के कारण एक हृष्ट-पुष्ट व्यक्ति भी रोगी की तरह दिखता है अर्थात मन की प्रसन्नता पर ही शरीर में सुख की अनुभूति होती है। इसके विपरीत मन यदि दुःखी है तो स्वस्थ व्यक्ति भी अपने को रोगी होने से अधिक कष्ट में अपने को पाता है। इस प्रकार स्वस्थ मन ही हमारे आरोग्य पूर्ण जीवन का मूल है, इसलिए यदि मन को स्वस्थ रखना है तो तन को भी स्वस्थ रखना होगा। कहा जाता है कि ‘स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन निवास करता है’ अतः शरीर को स्वस्थ रखना आवश्यक है।


महत्वपूर्ण है तीन का संतुलन 


आयुर्वेद में सत्व (मन) आत्मा एवं शरीर के संयोग को ही जीव माना गया है अर्थात् इन तीनों के संयोग से हम जीवित हैं अतएव इन तीनों के संतुलित होने पर हमें स्वास्थ्य मिलेगा। हमारा शरीर-आकाश, वायु, अग्नि, जल तथा पृथ्वी इन पंच महांभूत तत्वों से बना है। यह शरीर हमें दिखता है और इसे हम स्पर्श कर सकते हैं। रोग होने पर उसका उपचार कर ठीक कर सकते हैं। यहां तक शरीर का शोधन भी पंचकर्म चिकित्सा से कर सकते हैं किन्तु मन और आत्मा का नहीं।


आयुर्वेद मानता है कि आत्मा और शरीर की इन्द्रियों के उपस्थित रहने पर जब तक मन सक्रिय नहीं होता है तब तक इन्द्रियों के कर्म का ज्ञान संभव नही है। मनुष्य को सभी ज्ञान-सुखात्मक या दुःखात्मक मन द्वारा होते हैं अतएव शरीर रूपी गाड़ी को चलाने वाला ड्राइवर मन ही है। इसलिए इस मन पर ही नियंत्रण की बात मुख्य है। रोग 2 प्रकार के होते हैं (1) शारीरिक एवं (2) मानसिक। इन दोनोें प्रकार के रोगों को ठीक करने हेतु 3 चिकित्साविधियों का वर्णन हैः- 
1. दैवव्यापाश्रय चिकित्सा 
2. युक्तिव्यापाश्रय चिकित्सा 
3. सत्वावजय चिकित्सा


Comments

Popular posts from this blog

पंच-तत्व का शरीर क्या है और ये कैसे काम करते है.?

वात दोष को समझो।

आयुर्वेद के मौलिक सिद्धांत- गुण