आयुर्वेद के मौलिक सिद्धांत- गुण
प्रश्न – गुण किन्हें कहते हैं ?
उत्तर – जिन लक्षणों से पद्धार्थ का अनुमान हो उन्हें गुण कहते हैं ।
शब्द (Sound), स्पर्श (Contact), रूप (Form), रस (Juice), गंध (Smell), गुरु (भारी, Heavy), लघु (हल्का, Light), शीत (ठंडा, Cold), उष्ण (गर्म, Hot), स्निग्ध (चिकना, Oily), रूक्ष (रूखा, Mangy), मन्द (धीमा, Slow), तीक्ष्ण (तेज, Fast), स्थिर (Stable) , सर (Unstable), मृदु (कोमल, Soft), कठिन (Hard), विशद (भुरभुरा, Brittle), पिच्छिल (चिपचिपा), श्लक्ष्ण (Smooth), खर (Rough), सूक्ष्म (Micro), स्थूल (Macro), सान्द्र (Humid), द्रव (Liquid); ये गुण हैं ।
प्रश्न – पंचमहाभूत क्या हैं ?
उत्तर – आकाश, वायु, अग्नि, जल तथा पृथ्वी की संज्ञा पंचमहाभूत है । प्रकृति में जो कुछ पद्धार्थ आदि पाया जाता है वह इन्हीं पांच तत्वों से बना है ।
पंचमहाभूतों में सब से पहले आकाश की ही उत्पत्ति होती है । आकाश का मुख्य गुण ‘शब्द’ है तथा शरीर में कर्णेन्द्रीय (कान) आकाश की ही अभिव्यक्ति है । जिन पद्धार्थों में मृदु, लघु, सूक्ष्म, श्लक्ष्ण, शब्द गुण बहुतायत से हों, उन्हें आकाशीय द्रव्य जानें ।
दूसरा पंचमहाभूत है वायु, इसकी उत्पत्ति आकाश से होती है अतःएव् इसमें आकाश के गुण भी पाये जाते हैं । वायु का मुख्य गुण ‘स्पर्श’ है तथा शरीरस्थ त्वगेन्द्रीय (त्वचा) वायु की ही अभिव्यक्ति है । जिन पद्धार्थों में लघु, सूक्ष्म, शीत, रूक्ष, खर, विशद, स्पर्श गुण बहुतायत से हों, उन्हें, वायव्य द्रव्य जानें ।
तीसरा पंचमहाभूत अग्नि है, इसकी उत्पत्ति वायु से होती है अतःएव् इसमें वायु एवं आकाश के गुण भी पाये जाते हैं । अग्नि का मुख्य गुण ‘रूप’ है तथा शरीरस्थ नेत्रेन्द्रीय (आंख) अग्नि की ही अभिव्यक्ति है । जिन पद्धार्थों में लघु, सूक्ष्म, उष्ण, रूक्ष, विशद, रूप गुण बहुतायत से हों, उन्हें आग्नेय द्रव्य जानें ।
चौथा पंचमहाभूत जल है, इसकी उत्पत्ति अग्नि से होती है अतःएव् इसमें अग्नि, वायु एवं आकाश के गुण भी पाये जाते हैं । जल का मुख्य गुण ‘रस’ है तथा शरीरस्थ जिह्वा (जीभ) जल की ही अभिव्यक्ति है । जिन पद्धार्थों में द्रव, स्निग्ध, शीत, मन्द, मृदु, पिच्छिल, रस गुण बहुतायत से हों, उन्हें आप्य (जलीय) द्रव्य जानें ।
पांचवां पंचमहाभूत पृथ्वी है, इसकी उत्पत्ति जल से होती है अतःएव् इसमें जल, अग्नि, वायु एवं आकाश के गुण भी पाये जाते हैं । पृथ्वी का मुख्य गुण ‘गंध’ है तथा शरीरस्थ घ्राण (नाक) पृथ्वी की ही अभिव्यक्ति है । जिन पद्धार्थों में गुरू, खर, कठिन, मन्द, स्थिर, विशद, सान्द्र, स्थूल, गंध गुण बहुतायत से हों, उन्हें पार्थिव द्रव्य जानें ।
मनुष्य जिस प्रकार के गुणों वाले पद्धार्थ का भोजन, मालिश आदि में प्रयोग करता है वैसे ही गुणों की शरीर में वृद्धि होती है ।
Comments
Post a Comment